पुखरायां, कानपुर देहात। पुखरायां कस्बे के राजेंद्र नगर मोहल्ले में शनिवार को विद्युत पोल पर अचानक आग लगने से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारी ने पानी डालकर आग बुझाई। इस घटना में विद्युत केबल जल गई।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते यहां लंबे समय से जर्जर केबल नहीं बदली जा रही है। अधिक विद्युत लोड होने के कारण आए दिन केबल में फॉल्ट और जलने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी कानपुर देहात से भी केबल बदलवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द जर्जर केबल बदलवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
Author: Jansan Desh 24















