युवाओं ने सांस्कृतिक एवं चैलेंजर ट्रैक की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
कानपुर देहात। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में तथा जिलाधिकारी , कानपुर देहात के निर्देशन में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन ईको पार्क, माती, कानपुर देहात में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं शिक्षण संस्थानों से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को कल्चरल ट्रैक एवं चैलेंजर ट्रैक में विभाजित किया गया। कल्चरल ट्रैक के अंतर्गत लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं की थीम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रखी गई। वहीं चैलेंजर ट्रैक के अंतर्गत “डेमोग्राफिक डिविडेंड एवं ह्यूमन कैपिटल डेवलपमेंट” विषय पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा एवं ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में लोकनृत्य समूह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पुखरायां ने प्रथम तथा मां संतोषी टेक्निकल औद्योगिक इंटर कॉलेज, सिकंदरा ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में राजकीय हाई स्कूल तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही।
कविता लेखन प्रतियोगिता में वैष्णवी त्रिवेदी (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सिमरामऊ) ने प्रथम तथा जीनत (सुंदर शिक्षण संस्थान, लालपुर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में अभिराज (केंद्रीय विद्यालय, माती) प्रथम, मानसी शुक्ला (ब्राइट एंजेल पब्लिक स्कूल) द्वितीय एवं अभिषेक प्रताप सिंह (अकबरपुर इंटर कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहे।
इसी क्रम में चैलेंजर ट्रैक के अंतर्गत आयोजित पीपीटी प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में राखी यादव ने प्रथम, दिव्यांशी ने द्वितीय, शिवांशी ने तृतीय, कार्तिक गुप्ता ने चतुर्थ, आदर्श पटेल ने पंचम एवं रश्मि ने षष्ठ स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला समन्वयक, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में व्यायाम प्रशिक्षकों, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों, कनिष्ठ सहायकों, निर्णायकगण एवं प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का विशेष योगदान रहा।














