सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दूसरे दिन परिवहन विभाग ने की प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई, 80 वाहनों के चालान

 

हेलमेट, सीटबेल्ट, ओवरस्पीडिंग एवं स्कूली वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई

कानपुर देहात। शासन के निर्देशानुसार 16 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत दूसरे दिन परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कुल 80 वाहनों के चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), कानपुर देहात ने बताया कि अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने पर 51, ओवरस्पीडिंग के मामलों में 12, सीटबेल्ट का प्रयोग नहीं करने पर 11 तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध 06 चालान किए गए।
परिवहन विभाग द्वारा समस्त वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा स्कूली वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना है। सड़क सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं जिम्मेदारी आवश्यक है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें