कानपुर देहात। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन व जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में बाल दिवस के उपलक्ष्य में अकबरपुर बालिका इण्टर कालेज में बाल विवाह जागरूकता का आयोजन किया गया। बाल विवाह रोकथाम हेतु बालिकाओं को शपथ दिलाई गई। प्रतिमा श्रीवास्तव जिला मिशन समन्वयक द्वारा कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास को प्रभावित करता है तथा कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह एक कानूनी अपराध है, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह इस कुप्रथा को रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। इसके अतिरिक्त बाल सुरक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ होने वाले विभिन्न प्रकार के शोषण, बाल श्रम, बाल तस्करी एवं अन्य बाल अधिकारों से संबंधित मुद्दों पर जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुरक्षा अथवा परेशानी की स्थिति में बिना किसी भय के संबंधित अधिकारियों एवं हेल्पलाइन नम्बर के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन टोल फ्री नं० जैसे 181, 1090, 112, 1098, 1930 आदि के बारें में भी जानकारी दी गई कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण तथा बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्या मिथलेश सिंह, शिक्षिकाएं, विद्यालय की छात्रायें उपस्थित रहीं।














