जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक संचालित स्व-गणना अभियान में जनपदवासी बढ़-चढ़कर करें सहभागिता: जिलाधिकारी
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 17 नवंबर को होगा ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, युवा मतदाता अपना नाम अवश्य कराएं दर्ज
जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को मांग के अनुरूप कराया जा रहा वितरण
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यन्त कुमार मौर्य की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद के सम्मानित पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेसवार्ता की गई। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण SSR, जनपद में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था तथा धान खरीद सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना Self Enumeration अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जनपदवासी आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार की स्व-गणना ऑनलाइन कर सकते हैं। उन्होंने पत्रकार बंधुओं के माध्यम सेअपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। यह SE ID आगामी 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा किए जाने वाले घर-घर सर्वेक्षण के दौरान संबंधित प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान जनपदवासियों द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे घर आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा जनगणना से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके। इस दौरान उन्होंने जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 के संबंध में भी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की तथा अधिकारियों, कर्मचारियों व जनपदवासियों को इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचक नामावलियों के ड्राफ्ट का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विशेष अभियान की तिथियां 21, 22 नवंबर तथा 28, 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। इन विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों एवं बूथों पर संबंधित बीएलओ उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से फॉर्म-06, फॉर्म-07 एवं फॉर्म-08 प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, विशेषकर युवा एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले नागरिकों से अपील की कि वे अपना नाम निर्वाचक नामावली में अवश्य दर्ज कराएं तथा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक संशोधन भी कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001805937 तथा डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर 1950 के संबंध में भी जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि आज की स्थिति के अनुसार जनपद में यूरिया 26,830 मीट्रिक टन, डीएपी 9,166 मीट्रिक टन तथा एनपीके 6,827 मीट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित धान खरीद व्यवस्था एवं किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि धान खरीद प्रक्रिया में शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रेसवार्ता के दौरान उपस्थित पत्रकार बंधुओं द्वारा विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों एवं दिए गए सुझावों पर जिलाधिकारी ने विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की तथा संबंधित विषयों पर प्रशासन की कार्यवाही एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद के सम्मानित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।















