भोगनीपुर, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष कासिफ खान एवं जिला उपाध्यक्ष इंजीनियर रामअवतार यादव अकेला ने आज भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने गिरदौ, मोहदियापुर, गोपालपुर, डीघ, देवीपुर सहित आसपास के कई गांवों में पहुंचकर बूथों पर तैनात समाजवादी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से मुलाकात की। उन्होंने बीएलए से बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और कार्यों में आ रही कठिनाइयों को गंभीरता से सुना।
पार्टी पदाधिकारियों ने बीएलए एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें और संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय एवं मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी द्वारा घोषित जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को लैपटॉप, कन्या विद्याधन, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा तथा किसानों को मुफ्त सिंचाई जैसी घोषणाओं एवं योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाई जानी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें, संवाद स्थापित करें और पार्टी की नीतियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों से लोगों को अवगत कराएं। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय और सक्रियता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिला प्रवक्ता सैयद अबू अज़हरी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर चर्चा की।
दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, नियमित जनसंपर्क और जनता के बीच पार्टी की नीतियों की जानकारी पहुंचाना महत्वपूर्ण है।












