पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अधिक से अधिक समावेशी बनाने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने से बचाने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। उप जिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से सहयोग की अपील की है।
इसी क्रम में आयोजित बैठक में उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथों पर नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची जमा करने को कहा। उन्होंने बताया कि बीएलए की सूची उपलब्ध होने से सरकारी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और राजनीतिक दलों के बीएलए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। इसके माध्यम से प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की जांच और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों और प्रशासन का साझा उद्देश्य होना चाहिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों और कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से प्रत्येक बूथ पर बीएलए तैनात हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के अभियान में प्रशासन का पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से उपस्थित प्रमोद त्रिपाठी ने भी प्रशासन की इस पहल में सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों को मिलकर मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के लिए कार्य करना चाहिए।
बैठक में मतदाता सूची को दुरुस्त करने, बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित करने और नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने को लेकर चर्चा हुई। प्रशासन ने सभी दलों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।












