कानपुर देहात। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं न्यायपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक ने अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। इस दौरान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों और पीड़ितों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के न्यायपूर्ण समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।












