कानपुर देहात। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों और उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय के आदेशों के अनुपालन में 14/15 नवंबर की रात जनपद में संचालित होने वाली तथा दूसरे जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति, एडीएएस प्रणाली, चालक और परिचालक के लाइसेंस, चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच तथा आपातकालीन द्वार की उपलब्धता और कार्यशीलता की पड़ताल की। इसके साथ ही बसों में किसी भी संदिग्ध अथवा ज्वलनशील वस्तु की भी जांच की गई।
यात्रियों से आपातकालीन द्वार की जानकारी और किसी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी पूछताछ की गई। चेकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।














