परिवार जागृति केंद्रों में 9 परिवारों का विवाद सुलझा, आपसी सहमति से कराया गया समझौता

कानपुर देहात। पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत और समझौते के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से  कानपुर देहात के सभी सर्किल स्तर पर परिवार जागृति विकेन्द्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इन केंद्रों पर पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई और दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई।
अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के थाना शिवली, डेरापुर सर्किल के थाना डेरापुर, भोगनीपुर सर्किल के थाना भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल के थाना सिकंदरा में परिवार परामर्श केंद्र लगाए गए। यहां प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद के जरिए विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया।
इस दौरान अकबरपुर सर्किल में चार, डेरापुर सर्किल में चार और रसूलाबाद सर्किल में एक परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल नौ परिवारों के विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर उन्हें फिर से एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग करते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परिवार जागृति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य परिवारों में आपसी विश्वास, संवाद और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें