कानपुर देहात। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों और उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान जिले में संचालित होने वाली और अन्य जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसमें अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति, एडीएएस प्रणाली, चालक और परिचालक के लाइसेंस, श्वास विश्लेषक यंत्र से चालकों की जांच तथा आपातकालीन द्वार की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच की गई। इसके साथ ही बसों में किसी भी संदिग्ध अथवा ज्वलनशील वस्तु की भी तलाशी ली गई।
यातायात पुलिस ने यात्रियों से आपातकालीन द्वार की जानकारी लेते हुए उन्हें दुर्घटना अथवा आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन रात्रि में स्लीपर बसों सहित अन्य यात्री वाहनों की नियमित चेकिंग की जाएगी और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।












