कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के आउटरीच ऑडिटोरियम में पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तनाव एवं क्रोध प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। ‘बिहेवियरल लैंडस्केप्स फॉर टारगेटेड पुलिसिंग’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में दैनिक कार्यों के दौरान होने वाले मानसिक तनाव, कार्यदबाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
कार्यशाला में ‘रुको, एक बार सोचो; घर छोड़ने से पहले एक बार बात करो’ अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत बालिकाओं को भावनात्मक तनाव, पारिवारिक विवाद और मनमुटाव जैसी परिस्थितियों में जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने से रोकने के लिए जागरूक करने की रणनीति बताई गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि कई बार क्षणिक गुस्से, भावनात्मक आवेश, किसी के प्रति अत्यधिक लगाव अथवा पारिवारिक विवाद के कारण बालिकाएं बिना परिणाम सोचे घर छोड़ने जैसा कदम उठा लेती हैं। ऐसी परिस्थितियों में समय रहते संवाद, सहयोग और उचित मार्गदर्शन मिलने से उन्हें सही निर्णय लेने में मदद मिल सकती है।














