कानपुर देहात। आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम विनोबा नगर पहुंचकर पूजा स्थलों और घाटों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के रास्तों की स्थिति देखी। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक शिवली को निर्देश दिए कि पूजा स्थलों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ नियमित पुलिस गश्त भी सुनिश्चित की जाए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।














