मतदेय स्थलों के संभाजन एवं विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

कानपुर देहात। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी /जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची के प्रकाशन, संभाजन, भवन परिवर्तन एवं नाम संशोधन से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान में कुल 1,666 मतदेय स्थल हैं, जबकि प्रस्तावित संख्या 1,659 है। उन्होनें जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा 205-रसूलाबाद (अ0जा0) में वर्तमान 402 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 399 प्रस्तावित हैं, जिसमें तीन मतदेय स्थलों की कमी है। 206-अकबरपुर रनियां में वर्तमान 409 के मुकाबले 411 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं, दो की वृद्धि है। 207-सिकन्दरा में वर्तमान और प्रस्तावित संख्या 426-426 है, जबकि 208-भोगनीपुर में वर्तमान 429 के सापेक्ष 423 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं, यानी छह की कमी है। इस प्रकार जनपद में कुल सात मतदेय स्थलों की शुद्ध कमी प्रस्तावित है।
भवन जर्जर होने के कारण मतदेय स्थल भवनों में परिवर्तन के संबंध में रसूलाबाद में 11, अकबरपुर रनियां में 4, सिकन्दरा में 10 तथा भोगनीपुर में 18 मतदेय स्थलों का विवरण अनुसार समस्त विधानसभा क्षेत्रों में कुल 43 मतदेय स्थलों के भवन परिवर्तन प्रस्तावित हैं। वहीं, भवन के नाम में संशोधन के तहत रसूलाबाद में 5, अकबरपुर रनियां में 18, सिकन्दरा में 5 तथा भोगनीपुर में 101 संशोधनों का विवरण दिया गया है। इस प्रकार कुल 129 संशोधनों का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आलेख्य सूची का अवलोकन कर मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में अपनी आपत्तियाँ एवं सुझाव निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराएँ, ताकि परीक्षण के बाद अग्रिम कार्यवाही समय से पूरी की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदेय स्थल भवनों का भौतिक सत्यापन करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 24 अक्टूबर को जनपद में विशेष पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य को जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से जनपद के समस्त इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा उनके परिवारों के 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं को चिह्नित कर निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने एवं मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के सदस्य व प्रतिनिधि, समस्त उप जिलाधिकारी सहित संबंधित निर्वाचन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें