स्नातक निर्वाचन की तैयारियों में लापरवाही न बरतें अधिकारी, समय से पूर्ण करें सभी व्यवस्थाएं – जिलाधिकारी

 

मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश, मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा और कार्मिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर

जालौन। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन में लगाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती और प्रशिक्षण समय से पूरा कराया जाए। निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित रखरखाव एवं समय से वितरण के साथ परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। पेयजल, शौचालय, प्रकाश, साफ-सफाई एवं रैंप सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में जो भी कमियां मिलें, उन्हें मतदान से पहले दूर कराया जाए, जिससे मतदाताओं और मतदान कार्मिकों को असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने तथा आदर्श आचार संहिता का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों, मतदाता हेल्पलाइन, निर्वाचन शिकायतों के त्वरित निस्तारण, प्रेक्षकों से समन्वय तथा वीडियोग्राफी एवं डिजिटल कैमरों की व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान कार्मिकों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर के प्रशिक्षण और भुगतान संबंधी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा निर्वाचन तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह उरई उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें