अकबरपुर और रसूलाबाद में आयोजित होंगे रोजगार मेले, 15 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन पाने का अवसर
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत एवं सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से अकबरपुर महाविद्यालय, माती रोड, अकबरपुर तथा 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से झाउलाल गजोधर प्रसाद पीजी महाविद्यालय, रसूलाबाद में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से विभिन्न शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताधारी महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल से स्नातक, आईटीआई के सभी ट्रेड, डिप्लोमा, बीटेक एवं एमबीए सहित विभिन्न योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त हेल्पर, शटर ऑपरेटर, वेल्डर, सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भी भर्ती के अवसर उपलब्ध रहेंगे। रोजगार मेले में 18 से 48 वर्ष की आयु के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 15,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे रोजगार मेले में प्रतिभाग करने से पूर्व सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in अथवा नेशनल करियर सर्विस पोर्टल ncs.gov.in पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित महाविद्यालय में पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने एवं चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाएं।












