महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
कानपुर देहात। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कानपुर देहात में भव्य पैदल मार्च का आयोजन किया गया। अकबरपुर कस्बा में पैदल मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही। पैदल मार्च में विद्यालयों की छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं महिला पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
पैदल मार्च ने समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा महिला सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। साथ ही, बालिकाओं एवं महिलाओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना केवल शासन-प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।












