कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जिले के विभिन्न सर्किलों में संचालित परिवार जागृति विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इसमें पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया।
अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के शिवली थाने, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल में आयोजित परामर्श केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। इस दौरान दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए आपसी संवाद और समझौते के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अकबरपुर सर्किल में तीन और डेरापुर सर्किल में एक परिवार के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल चार परिवारों के विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए सहमत किया गया। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग करते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस विभाग की ओर से परिवार जागृति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य परिवारों के बीच संवाद और विश्वास बढ़ाने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।












