रोमांचक फाइनल मुकाबले में वाराणसी को 23-22 अंकों से दी शिकस्त, जिलाधिकारी कपिल सिंह ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में दिनांक 08 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, कानपुर देहात में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 मंडलों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी की देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेलों को शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
सेमीफाइनल में आगरा ने गोरखपुर को हराया
प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्रथम पाली में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आगरा और गोरखपुर की टीमों के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में आगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर को 34-24 अंकों से पराजित किया और फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
रोमांचक फाइनल में आगरा ने वाराणसी को एक अंक से हराया
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आगरा और वाराणसी की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और अंतिम समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंततः आगरा की टीम ने वाराणसी को 23-22 अंकों के बेहद करीबी अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वाराणसी की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा ने दर्शकों को रोमांचित किया। आगरा की टीम ने बेहतर सामंजस्य एवं खेल कौशल का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया।
निर्णायकों एवं खेल जगत से जुड़े गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका नुरुद्दीन अहमद, उमेश साहू, उमेश कुमार, आदित्य, आर्यन एवं कुलदीप ने निभाई। इस अवसर पर हॉकी संघ के सचिव देवेंद्र पॉल, बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी सविता पांडेय, बॉक्सिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम शर्मा, फुटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी राघव मिश्रा सहित खेल जगत से जुड़े अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं समापन पर क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने मुख्य अतिथि, सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।रहे।












