निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों एवं प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का नाम सम्मिलित कराने हेतु विशेष अभियान के संबंध में हुई बैठक।

कानपुर देहात। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ई0आर0ओ0) के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी विधान सभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु संचालित किए जाने वाले विशेष अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए अभियान के उद्देश्यों, प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने स्तर से पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है तथा मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समावेशी निर्वाचन की दिशा में आवश्यक कदम है।
उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष अभियान का प्रभावी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, मतदाता पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें पंजीकरण के लिए जागरूक करने तथा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान में समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन उप निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व जूम मीटिंग के माध्यम से समस्त उप जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें