अकबरपुर एवं रसूलाबाद में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर
10वीं से स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं तकनीकी योग्यता धारकों को मिलेगा लाभ
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत दो दिवसीय वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेलों के माध्यम से बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम रोजगार मेला दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अकबरपुर महाविद्यालय, माती रोड, अकबरपुर में तथा द्वितीय रोजगार मेला दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे से झाउलाल गजोधर प्रसाद पी.जी. महाविद्यालय, रसूलाबाद में आयोजित किया जाएगा। इन रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी तथा योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में हेल्पर, शटर ऑपरेटर, वेल्डर, सुपरवाइजर, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों सहित विभिन्न रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी। मेले में हाईस्कूल (कक्षा-10), इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक., एमबीए एवं अन्य तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार 15,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन प्राप्त हो सकता है।
रोजगार मेले में 18 वर्ष से 48 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में सम्मिलित होने से पूर्व रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in तथा नेशनल करियर सर्विस पोर्टल ncs.gov.in पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रतिभागियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही, रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से इन रोजगार मेलों में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।












