मंगरौल के लापता किसान का शव यमुना में मिला

 

कालपी (जालौन)। मंगरौल गांव के पास नून नदी किनारे से लापता हुए किसान का शव सोमवार सुबह हीरापुर घाट के पास यमुना नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसान के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। प्रशासन एवं बाढ़ आपदा प्रबंधन की टीम ने भी रविवार सुबह से नदी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया था, लेकिन देर शाम तक किसान का कोई सुराग नहीं लग सका था। सोमवार सुबह यमुना नदी में शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, मंगरौल गांव निवासी किसान रविवार को नून नदी के किनारे गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद जब किसान का पता नहीं चला तो परिजनों ने मामले की जानकारी प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन एवं बाढ़ आपदा प्रबंधन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी के आसपास सर्च अभियान शुरू किया। टीम द्वारा काफी देर तक नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई, लेकिन किसान का कोई पता नहीं चल सका।
इधर सोमवार सुबह कुछ मछली शिकारी यमुना नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान उन्हें नदी के पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव दिखाई देने पर मछली शिकारियों ने इसकी सूचना मंगरौल गांव में किसान के परिजनों को दी। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल हीरापुर घाट पहुंचे। इसके बाद नाव और गोताखोर की मदद से शव को यमुना नदी के पानी से बाहर निकाला गया। घाट पर शव को देखकर परिजनों ने पहचान करने का प्रयास किया। मृतक की पत्नी छोटी बिट्टी उर्फ मुन्नी को भी शव की फोटो भेजकर पहचान करने के लिए कहा गया। पत्नी ने शव की पहचान नेकर, नाखून और दांतों के आधार पर अपने पति के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हल्का इंचार्ज रामजी लाल और होमगार्ड अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजने की कार्यवाही की जा रही है। किसान का शव यमुना नदी में मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण शव बहकर हीरापुर घाट तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

आर०एन० शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें