पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के कस्बा पुखरायां में इन दिनों डीएपी खाद की कमी के चलते किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी समितियों पर डीएपी लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। किसानों का कहना है कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष इस समय तक किसानों को करीब 5,000 बोरी डीएपी का वितरण किया जा चुका था, जबकि इस वर्ष अभी तक लगभग 1,000 बोरी ही डीएपी वितरित हो सकी है। ऐसे में किसान खाद की उपलब्धता को लेकर चिंतित हैं।
किसानों ने जिलाधिकारी कानपुर देहात से मांग की है कि रबी की फसलों को देखते हुए समय से पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े और फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
वहीं क्रय-विक्रय समिति के अनुज कुमार ने बताया कि समिति को जैसे ही डीएपी प्राप्त हो रही है, नियमों के अनुसार तत्काल किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से ही करीब 200 बोरी डीएपी का वितरण किया जा चुका है।
समिति के सहयोगी अजीत सिंह ने बताया कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए अधिकारियों को समय-समय पर खाद की उपलब्धता और किसानों की स्थिति की जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान रोहित सचान सहित सैकड़ों किसान डीएपी लेने के लिए कतार में खड़े नजर आए। किसानों में जगदीश राम, जगजीवन राम, जितेंद्र कुमार, देवेंद्र यादव, अमित कुमार, रामस्वरूप और जय किशन सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।












