ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल एवं जनसहभागिता का दिलाया गया संकल्प
31 अक्टूबर तक कानपुर देहात सभी शेष ग्रामों में कार्यक्रम पूर्ण कराने का लक्ष्य
कानपुर देहात। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को विकासखंड मैथा के ग्राम बलूआपुर एवं बाघपुर तथा विकासखंड झींझक के ग्राम जुरिया में “जल अर्पण” कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की जानकारी देते हुए जल संरक्षण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा योजनाओं के सफल संचालन में जनसहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पेयजल के सदुपयोग का संकल्प भी दिलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अब तक 313 ग्राम पंचायतों (472 सम्मिलित राजस्व ग्रामों) में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं तथा शेष ग्रामों में यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को प्रातः एवं सायं जलापूर्ति के निर्धारित रोस्टर की जानकारी दी गई। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल सखियों द्वारा एफटीके (FTK) किट तथा जनपद स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से नियमित रूप से जल नमूनों की जांच किए जाने की जानकारी भी साझा की गई। इससे पेयजल की गुणवत्ता की सतत निगरानी एवं सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
ग्रामीणों से अपील की गई कि वे पेयजल की बर्बादी न करें, नलों को अनावश्यक रूप से खुला न छोड़ें, पाइपलाइन एवं अन्य पेयजल परिसंपत्तियों को क्षति न पहुंचाएं तथा किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अधिकारी, कर्मचारी अथवा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को दें। साथ ही पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा योजनाओं की परिसंपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, टीपीआई प्रतिनिधि तथा जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), कानपुर देहात द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं के प्रभावी संचालन के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल एवं जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।












