जालौन में 24 मतदान केंद्रों के 33 मतदेय स्थलों पर डाले जाएंगे वोट, सुझाव एवं शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद जालौन में स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 24 मतदान केंद्रों पर 33 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं, सूचनाओं तथा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय, जालौन में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन से संबंधित किसी प्रकार के सुझाव, शिकायत अथवा जानकारी के लिए जनसामान्य कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05162-250288 पर संपर्क कर सकते हैं। निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।












