कानपुर देहात। गांधी जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द परिसर में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किए जाने वाले अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक से नियुक्त कुल 15 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक ने पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनकी सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा की और बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण से किया गया कार्य पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी पदक प्राप्त पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनसेवा के प्रति समर्पित रहते हुए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















