कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कानपुर देहात पुलिस लाइन परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश करते हुए देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रेरणादायी मंत्र दिया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाते हुए सत्यनिष्ठा, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और सेवाभाव के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने, अहिंसा के सिद्धांतों का पालन करने तथा विवादों का शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से समाधान करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में गृह मंत्रालय, भारत सरकार के ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ और ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक ने वर्दी पर पदक लगाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया और सभी उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।














