कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कानपुर देहात में यातायात पुलिस एवं एआरटीओ प्रवर्तन की संयुक्त टीम ने स्लिपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान जनपद में संचालित होने वाली और दूसरे जनपदों से आने वाली स्लिपर बसों की सघन जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब प्रतिदिन रात्रि में स्लिपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की नियमित चेकिंग की जाएगी।
चेकिंग के दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति, एडीएएस सिस्टम, चालक और परिचालक के लाइसेंस, चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच तथा इमरजेंसी गेट की उपलब्धता और कार्यशीलता को परखा गया। इसके साथ ही बसों में किसी संदिग्ध या ज्वलनशील वस्तु की भी जांच की गई। यात्रियों से आपातकालीन गेट की जानकारी और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी ली गई।
अभियान के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।













