
एरवा कटरा/औरैया। विकास खंड एरवा कटरा की ग्राम पंचायत एरवा कुइली में मूसलाधार बारिश के बाद खेतों में भारी जलभराव हो गया। सैकड़ों बीघा कृषि भूमि कई फीट पानी में डूबने से धान, बाजरा सहित अन्य फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं। खेतों में लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण फसलों के सड़ने का खतरा बढ़ गया है।
प्रभावित किसानों राजा राम राठौर, कुअर राठौर, कल्लू बाथम, रवीश तिवारी, श्रीकृष्ण राठौर, गंगा राम जाटव, लिटिल राजू बाथम, हरेन्द्र सैनी और राजपाल सहित दर्जनों किसानों का कहना है कि तेज बारिश के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। किसानों की मेहनत और फसल में लगी पूंजी पानी में डूब गई है।
किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाए जाएं और नालों की सफाई कराई जाए, ताकि बची हुई फसलों को सुरक्षित किया जा सके।
पीड़ित किसानों ने राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसल नुकसान का पारदर्शी सर्वे कराने तथा आपदा राहत कोष और फसल बीमा योजना के तहत उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते जल निकासी और नुकसान का आकलन नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।












