स्वास्थ्य परीक्षण, कैंसर एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के साथ नशामुक्ति का दिया गया संदेश
कानपुर देहात।जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशन में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवाकाल में हुए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों एवं देश-प्रदेश में आए सकारात्मक परिवर्तनों को जन-जन तक पहुंचाना तथा उन्हें जनस्मृति में स्थायित्व प्रदान करना है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविन्द के निर्देशन में तथा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आशीष बाजपेयी एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी/नोडल अधिकारी (एनसीडी) डॉ. सिद्धार्थ पाठक के सहयोग से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ थीम के अंतर्गत जनपद की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों में ‘‘नशा मुक्त भारत अभियान’’ के तहत स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का शुभारंभ विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया तथा संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा कार्यक्रमों का संचालन कराया गया।
आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में आगंतुकों, मरीजों एवं आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए तथा आवश्यक दवाओं का वितरण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार एवं पर्याप्त नींद को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए लोगों को इनके प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आत्महत्या एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की रोकथाम के लिए शासन द्वारा संचालित टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं 1800-891-4416 पर निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में नशीले पदार्थों, तंबाकू एवं धूम्रपान के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा उनके कारण उत्पन्न होने वाले गंभीर रोगों, विशेषकर ओरल कैंसर, स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही कोटपा अधिनियम-2003 एवं पेका अधिनियम-2019 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए नशे की रोकथाम एवं नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की अंत में ‘‘नशा मुक्त भारत अभियान’’ के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प कराया गया।गई।












