मीट शॉप से 2.60 लाख की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

चोरी के 22 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई यामाहा R15 बरामद

कानपुर देहात। थाना रूरा पुलिस ने मीट शॉप से हुई 2 लाख 60 हजार रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 22 हजार 70 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई यामाहा R15 मोटरसाइकिल भी उसकी निशानदेही पर कानपुर नगर के विजय नगर स्थित एक मैकेनिक की दुकान से बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, रूरा के सुभाष नगर निवासी अमन सिंह की मीट शॉप में 23/24 सितंबर की रात चोरी हुई थी। दुकान से 2 लाख 60 हजार रुपये चोरी होने के मामले में 28 सितंबर को थाना रूरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 29 सितंबर को अमर सिंह का पूर्वा तिराहा से प्रदीप कुमार निवासी करमा, थाना झुमरी तलैया, जनपद कोड़रमा, झारखंड को गिरफ्तार किया। वर्तमान में वह ग्राम सरवा टप्पा, थाना रूरा क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी सौरभ उर्फ तन्नू वाल्मीकि निवासी सुभाष नगर, रूरा के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी की रकम में से उसके हिस्से में 1 लाख 25 हजार रुपये आए थे। आरोपी ने 75 हजार रुपये से यामाहा R15 मोटरसाइकिल खरीदी, जबकि 36 हजार रुपये अपने रिश्तेदारों को भेज दिए। पुलिस ने उसके पास से शेष 22 हजार 70 रुपये बरामद किए।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। मामले में प्रकाश में आए दूसरे आरोपी सौरभ उर्फ तन्नू वाल्मीकि की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें