सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार करने की पहल, पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

कानपुर देहात। जनपद जालौन मॉडल के तहत कानपुर देहात में सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार करने की पहल शुरू की गई है। इसी क्रम में 29 सितंबर को सर्किल अकबरपुर के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को थाना अकबरपुर परिसर में फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संकलित करने, उनकी गुणवत्ता बनाए रखने तथा विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग की व्यवहारिक जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने प्रशिक्षण में शामिल होकर साक्ष्य संकलन के महत्व और प्रशिक्षण की उपयोगिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्यों का प्राथमिक स्तर पर वैज्ञानिक तरीके से संकलन सुनिश्चित करना और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
आगामी चरण में जनपद के अन्य सर्किलों में भी पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देकर मिनी फील्ड यूनिट विकसित की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर हरमीत सिंह, निरीक्षक रीना गौतम सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें