पुखरायां, कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश से कई गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण दर्जनों मकान गिरने तथा किसानों की फसलें नष्ट होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने पुखरायां में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार से प्रभावित परिवारों और किसानों को तत्काल सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की।
राघव अग्निहोत्री ने कहा कि भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में बारिश से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। कई परिवारों के मकान गिर जाने से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे परिवारों को तत्काल आवास उपलब्ध कराया जाए तथा पशुओं के लिए भी सुरक्षित व्यवस्था की जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी कानपुर देहात, प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि बारिश से प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराया जाए और जिन किसानों की फसलें नष्ट हुई हैं, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाए।
सपा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह स्वयं पिछले दिनों क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जाकर प्रभावित लोगों से मिले और अधिकारियों से भी इस संबंध में बातचीत की। इसके बावजूद अभी तक कई स्थानों पर सर्वे टीम के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में परेशानी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि गरीब और प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट है। सरकार को बिना किसी देरी के प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, आवासीय सहायता और फसल क्षति का मुआवजा पहुंचाने की कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों की दिनचर्या जल्द सामान्य हो सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।















