माधौगढ़ में विधायक मूलचंद्र निरंजन ने किया मेले का शुभारंभ, 50 आवास शिकायतों में 43 का निस्तारण
जालौन। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड माधौगढ़ में आयोजित सेवा संकल्प अभियान मेले का शुभारंभ विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।
मेले में कृषि, शिक्षा, पंचायत, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य तथा पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली तथा अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं के लाभ से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान विधायक मूलचंद्र निरंजन ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर महिला की गोदभराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आवास की चाबियां वितरित की गईं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूहों की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाली बैंक सखी, आजीविका सखी एवं समूह सखी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मेले में आवास से संबंधित 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 43 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष सात मामलों में जांच कर पात्र लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित पांचों शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। वीबीजी-रामजी से संबंधित पांच शिकायतों में चार का समाधान कराया गया। वहीं पेंशन से संबंधित प्राप्त सभी 25 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए पात्र लोगों को आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी गई।
विधायक मूलचंद्र निरंजन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालितजनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित दीप कार्यक्रम की महत्ता का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित मेलों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी समस्याओं का समाधान कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि महेश सिंह राजावत, ब्लॉक प्रमुख मोहित कुमार, मंडल अध्यक्ष कमलापत कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरौली रविंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी माधौगढ़ संदीप मिश्रा सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, एनआरएलएम समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















