सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा की अध्यक्षता में लगी ग्राम चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं और गांव के विकास पर हुआ सीधा संवाद
जालौन। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे विभिन्न जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को विकासखंड डकोर के ग्राम धंगवां कला में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने की।
ग्राम चौपाल में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा कहा गया कि सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, आवास, पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया गया है और संबंधित विषयों को भी रखा गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी एवं समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया।
सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में ही सुनना और उनका यथासंभव समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए विकास कार्यों को गति देने के लिए कार्य कर रहे हैं। चौपाल में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने तथा गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर जनसंवाद, जनसेवा और विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















