कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कानपुर देहात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने 27/28 सितंबर की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान वाहनों के मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और फाल्टी नंबर प्लेट की जांच की गई। इसके साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की भी जांच की गई। बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए मेडिकल किट, फायर सिलेंडर, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग समेत निर्धारित सुरक्षा मानकों को भी परखा गया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 76 वाहनों के चालान किए गए और उल्लंघनकर्ताओं से 5 लाख 50 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे आकस्मिक चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की कि शराब के नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।















