कुठौंद जालौन। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते कुठौंद क्षेत्र में तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक मकान पूरी तरह धराशायी हो गया, जबकि दो अन्य मकानों की दीवारें गिरने से उनके कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ है। हादसों के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
कुठौंद में धर्मेंद्र प्रजापति के कच्चे मकान की दीवारें बारिश के चलते भरभराकर गिर गईं। मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद भी परिवार के लिए खतरा बना हुआ है। धर्मेंद्र ने बताया कि जिस कमरे की दीवारें गिरी हैं, उसमें गृहस्थी का सामान रखा हुआ था। मकान के कमजोर होने के कारण सामान निकालने में भी परेशानी हो रही है।
इसी तरह बंटी शुक्ला के कच्चे मकान की दीवारें भी बारिश के कारण गिर गईं। मकान की स्थिति जर्जर होने से परिजनों में चिंता बनी हुई है और किसी भी समय मकान का शेष हिस्सा गिरने की आशंका है।
वहीं फुल्लन का कच्चा मकान बारिश के चलते पूरी तरह धराशायी हो गया। मकान की छत गिरने से अंदर रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। परिवार को बारिश के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर आर्थिक सहायता तथा सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल रोहित कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त मकानों की स्थिति और नुकसान का जायजा लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार जो भी संभव मदद होगी, उसे दैवीय आपदा से दिलाने की कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्टर-अनूप मिश्रा जालौन















