सिकंदरा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पत्थर किया बरामद
कानपुर देहात। सिकंदरा थाना क्षेत्र के चितवाखेड़ा गांव में रुपये के लेन-देन को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में पिता ने अपने बेटे के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चितवाखेड़ा रसधान निवासी रामजीवन कुशवाहा का 21 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे अपने बेटे अभिषेक से रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान रामजीवन ने अभिषेक के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। गंभीर हालत में अभिषेक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां 23 सितंबर को उसकी मौत हो गई।
मामले में अभिषेक के भाई की तहरीर पर सिकंदरा थाने में रामजीवन कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 24 सितंबर को आरोपी रामजीवन को जरौली मोड़ के पास बने यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर उसका बेटे से विवाद हुआ था और गुस्से में उसने पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चितवाखेड़ा गांव के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त करीब 5 से 6 किलो वजन का पत्थर बरामद किया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।















