कानपुर देहात- जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि थाना गजनेर के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन कानपुर देहात को अज्ञात नवजात दुध मुही बालिका की सूचना प्राप्त हुई। जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में प्राप्त सूचना के आधार पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सूचना स्थल पर पहंुची। थानाध्यक्ष गजनेर द्वारा बताया गया कि, दिनांक 18.09.2026 को लगभग अपराह्न 03 बजे ग्रामीण महिला को बकरी चराने के दौरान जमरेही से नहोली मार्ग पर मंगटा गांव के निकट खेतों के पास झाड़ियों से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर पहुँची। वहाँ एक नवजात बच्ची को बिना कपड़ों के पड़ा हुआ देखा। बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसने तत्काल पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी। चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा थाना गजनेर से बच्ची को अपनी सुपुर्दगी में लिया गया है। रिचा तिवारी परियोजना समन्यक चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बताया गया कि बच्ची को प्राथमिक उपचार हेतु सी0एच0सी0 गजनेर में दिखाया गया तथा न्यायपीठ बाल कल्याण समिति कानपुर देहात को बच्ची की सूचना देते हुये उनके आदेशानुसार उचित उपचार हेतु जिला अस्पताल के एस0एन0सी0यू0 वार्ड में भर्ती कराया गया हैं। बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है। जिस किसी को बच्ची के माता-पिता/रिश्तेदार आदि के सम्बन्ध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो बाल कल्याण समिति कानपुर देहात, जिला प्रोबेशन कार्यालय कानपुर देहात अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री न0-1098 पर सम्पर्क कर जानकारी दे सकते हैं।












