कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालों एवं नालियों की समय-समय पर मरम्मत और सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों हेतु रोस्टर तैयार कर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। इसके अतिरिक्त व्यापारी बन्धुओं द्वारा अन्य स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जयसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पांडे, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।











