जालौन की पांचों तहसीलों में 146 फरियाद, 37 का मौके पर ही निस्तारण; डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
जालौन। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन की गंभीरता शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में साफ दिखाई दी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील उरई सभागार में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत दी गई। उरई तहसील में 32 शिकायतों में 10 का मौके पर समाधान हुआ, जबकि कालपी में 48 में 12 शिकायतें निस्तारित की गईं। कोंच में 18 में 04, जालौन में 27 में 06 तथा माधौगढ़ में 21 में 05 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में मौके पर समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों पर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्रवाई करें और निस्तारण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में मौके पर हुए निस्तारण ने फरियादियों को तत्काल राहत दी, वहीं शेष शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की गई।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी, सीओ आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।













