कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आज अपराह्न 01:55 बजे खंड शिक्षा अधिकारी/बीआरसी कार्यालय, सरवनखेड़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, सरवनखेड़ा उपस्थित रहे।
निरीक्षण में बीआरसी कार्यालय में कार्यरत मोटारिक अनवर एवं ब्लॉक समन्वयक गुणवत्ता अनुपस्थित पाए गए, जबकि शेष कार्मिक उपस्थित मिले। कार्यालय कक्षों एवं कार्यालय परिसर के बाहर साफ-सफाई का अभाव पाया गया। साथ ही कार्यालय अभिलेखों का रखरखाव भी सुव्यवस्थित नहीं पाया गया। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी, सरवनखेड़ा को कार्यालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा कार्यालयीय अभिलेखों को पट्टलवार व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व में निर्गत निर्देशों के अद्यतन अनुपालन की भी समीक्षा की गई। निर्देशित किया गया कि विद्यालयों को निर्गत कम्पोजिट ग्रांट की धनराशि से निर्धारित कार्यों को पूर्ण कराया जाए तथा 19 पैरामीटर के आधार पर विद्यालयों को संतृप्त किया जाए। साथ ही सेवा-पंजिकाओं को अद्यतन करने, कार्यालय की पत्रावलियों का समुचित एवं सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा की गई कार्यवाही की एक सप्ताह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व में निर्गत पत्रों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं गत शैक्षिक सत्र 2025-26 में बेसिक शिक्षा/समग्र शिक्षा के अंतर्गत आवंटित धनराशि से कराए गए कार्यों से संबंधित पत्रावली एवं उपभोग प्रमाण-पत्र को तीन कार्यदिवस के भीतर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी खंड शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
इसके अतिरिक्त बीआरसी परिसर के मीटिंग हॉल में आयोजित एफएलएन प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया गया। प्रशिक्षण विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सही तरीके से संचालित पाया गया। प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों/शिक्षामित्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने तथा प्रतिदिन प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की उपस्थिति प्रमाणित किए जाने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी को दिए गए।








