उरई। उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 12 सितम्बर 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्ग दर्शन में बेसिक शिक्षा विभाग, विद्यालय निरीक्षक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं राजकीय पोलिटेकनिक के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला जज राजीव सरन ने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी दिनांक 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला दीवानी न्यायालय उरई एवं वाह्य स्थित न्यायालयों में किया जाना है। इस राष्ट्रीय लोकअदालत के प्रचार-प्रसार एवं प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों के निस्तारण हेतु बेसिक शिक्षा विभाग, विद्यालय निरीक्षक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं राजकीय पॉलिटेक्निक के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस सम्बन्ध में सभी विभागों के परिणामोन्मुखी व सार्थक प्रयासों की आवश्यकता है। इस पर सभी अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पण्डित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चैधरी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की प्राचार्य मानसिंह भारती, राजकीय पाॅलीटेनिक के प्रतिनिधि प्रवक्ता ऋषिकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।








