क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, फसल क्षति का सर्वे, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था एवं प्रभावित परिवारों को समय से सहायता उपलब्ध कराने पर जोर
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की सुविधाओं तथा बारिश के दौरान संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखते हुए आवश्यकता के अनुसार तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, ग्राम पंचायत भवन, अस्पताल, गौशाला सहित आमजन के आवागमन वाले महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों को पक्का एवं दुरुस्त कराया जाए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों और सड़कों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, आरईएस सहित अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में मार्गों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।उन्होंने बारिश से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए बीमित फसलों का तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि फसल क्षति के सर्वे एवं मुआवजा प्रक्रिया में पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए, ताकि पात्र किसानों को समय से राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के दौरान यदि मार्गों पर पड़ने वाले नालों के ओवरफ्लो होने से आवागमन बाधित होता है तो संबंधित अधिकारी तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनहानि, पशुहानि अथवा मकान क्षति की स्थिति में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने ग्राम पंचायतों में संतृप्तीकरण के लिए आवश्यक अवशेष कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए। क्षेत्र एवं जिला पंचायत स्तर पर भी क्रिटिकल गैप चिन्हित कर आवश्यक कार्य कराए जाएं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वीबीजी राम जी के अंतर्गत भी आवश्यकता के अनुसार उपयोगी कार्यों को प्राथमिकता से कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।









