कानपुर देहात। थाना राजपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को बालिका की मां ने थाने में तहरीर देकर रवि नायक और एक अन्य व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर नाबालिग बेटी को ले जाने तथा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने नामजद आरोपी रवि नायक और प्रकाश में आए उसके साथी राममूरत को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक रवि नायक को ग्राम मुबारकपुर रोड से ग्राम बदनपुर जाने वाले इंटरलॉकिंग रोड पर बने बजरंगबली मंदिर के पास से, जबकि राममूरत को सलेमपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।












