कानपुर देहात। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाई उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य-II रामअवतार सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अकबरपुर और रूरा क्षेत्र की चार मिठाई की दुकानों से खाद्य पदार्थों के कुल 12 नमूने लिए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में महेन्द्र नाथ सिंह यादव, सुबोध कुमार, राम बिहारी और डॉ. रामतेज की टीम ने कार्रवाई की।
अकबरपुर स्थित बाबा स्वीट हाउस से पनीर, खोया, बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। प्रेम स्वीट हाउस से मिल्क केक, खोया, बूंदी और पनीर के नमूने लिए गए। श्री बिहारी जी स्वीट एण्ड नमकीन से खोया और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। वहीं रूरा स्थित अनुराग स्वीट हाउस से बूंदी के लड्डू और पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया।
सभी 12 नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य रामअवतार सिंह ने लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान अत्यधिक रंगीन मिठाइयों का सेवन करने से बचें और खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें। विभाग ने कहा कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।









