कानपुर देहात। श्रावण मास के तृतीय सोमवार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सोमवार को थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम बनीपारा स्थित बाणेश्वर मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









