आवासीय विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार को मिली मंजूरी

 

विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने की दिशा में डीएम की पहल, आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में होंगे महत्वपूर्ण विकास कार्य

जालौन के आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को और बेहतर सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यालयों की आवश्यकताओं एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों से विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना में विद्यार्थियों की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। विद्यालय भवन की छतों की आवश्यक मरम्मत के साथ 5000 लीटर क्षमता की दो नवीन पानी की टंकियां स्थापित की जाएंगी, जिससे पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
विद्यालय में विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए थ्री-फेज जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। विद्यार्थियों की सामूहिक शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों के लिए बहुद्देशीय हाल की सुविधा विकसित की जाएगी। परिसर में जल एवं स्वच्छता प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सीवर टैंक का नवीनीकरण तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट स्थापित कराया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण एवं वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। विद्यालय की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए इसे वर्तमान गर्रही फीडर के स्थान पर कदौरा फीडर से जोड़ने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे तथा खनन अधिकारी को संबंधित कार्यों के आवश्यक प्राकलन तैयार कर स्वीकृतिनार्थ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं की सुविधा एवं विद्यालय परिसर के बेहतर विकास को ध्यान में रखते हुए भी कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय भवन तक पहुंचने वाले मार्ग को पक्का कराया जाएगा, जिससे छात्राओं का आवागमन वर्षभर सुगम एवं सुविधाजनक बना रहे।विद्यालय परिसर में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। उच्चीकृत भवन के मध्य स्थित खुले कच्चे परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा, जिससे परिसर का बेहतर उपयोग हो सके और विद्यार्थियों को व्यवस्थित वातावरण मिल सके। जल संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए विद्यालय परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित कराया जाएगा, जिससे वर्षाजल का समुचित संरक्षण एवं उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इन विकास कार्यों से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बबीना एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शिक्षा के साथ पेयजल, ऊर्जा, प्रकाश, आवागमन, जल संरक्षण और अन्य आवश्यक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ आधार मिलेगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें