प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
कानपुर देहात। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा दिव्यांग छात्र-छात्राओं के शैक्षिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से विभिन्न राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कानपुर देहात विनय उत्तम ने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 9 एवं 10), पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 11 से स्नातकोत्तर स्तर तक), टॉप क्लास एजुकेशन छात्रवृत्ति, विदेश स्थित विश्वविद्यालयों में अध्ययन हेतु राष्ट्रीय ओवरसीज छात्रवृत्ति, भारतीय विश्वविद्यालयों में एम.फिल एवं पीएच.डी. के लिए राष्ट्रीय फेलोशिप तथा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं तकनीकी/व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु निःशुल्क कोचिंग योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां निम्नवत हैं—
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति: आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति: आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026
टॉप क्लास एजुकेशन छात्रवृत्ति: आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026
आवेदन पत्रों के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संबंधित संस्थानों एवं अधिकारियों द्वारा पूर्ण की जाएगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाने के अवसरों का अधिकतम उपयोग करें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर सकते हैं अथवा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय, कानपुर देहात से संपर्क कर सकते हैं।














