कानपुर देहात। कानपुर देहात पुलिस की सर्विलांस टीम, थाना साइबर क्राइम, स्पेशल टीम और सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त कार्रवाई में 201 गुमशुदा एवं खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख 8 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीक की मदद से विभिन्न राज्यों, जिलों और कानपुर देहात के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग लगातार किया जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने कानपुर देहात पुलिस का आभार व्यक्त किया।














